उधम सिंह नगर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में वीरजी होटल के पास गली में एक युवक का शव नाली में पड़ा मिला। जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे है।
गुरूवार की सुबह उधम सिंह नगर रुद्रपुर ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिडकुल ढाल के पास वीरजी होटल वाली गली में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गयी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और जांच शुरू की। प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद पांडे ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि मृतक के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले हैं, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। मृतक की उम्र लगभग 30-32 वर्ष के बीच बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। पुलिस ने शव के फिंगरप्रिंट भी लिए हैं और पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही आसपास के थानों को भी सूचना दे दी गई है, ताकि गुमशुदगी की रिपोर्ट से मिलान किया जा सके।

