देहरादून।
उत्तराखंड खनन विभाग के निदेशक राजपाल लेघा को प्रतिष्ठित “इंडियाज ऑनरेस्ट इंडेक्स अवार्ड (Skoch Award)” से सम्मानित किए जाने पर पर्वतीय स्टोन क्रेशर यूनियन ने हर्ष व्यक्त किया है। यूनियन पदाधिकारियों ने इसे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।
पर्वतीय स्टोन क्रेशर यूनियन के अध्यक्ष जी.पी. पैन्यूली एवं महामंत्री बी. भट्ट ने कहा कि निदेशक राजपाल लेघा के नेतृत्व में खनन विभाग ने उल्लेखनीय प्रगति की है। उनके कुशल निर्देशन में जहां अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है, वहीं पारदर्शी और सुव्यवस्थित खनन नीति का लाभ आम व्यवसायियों के साथ-साथ जनता को भी मिला है।
उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि से पूरे उत्तराखंड का मान बढ़ा है। यूनियन की ओर से शीघ्र ही एक सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए निदेशक महोदय से समय लिया जाएगा। इस समारोह में गढ़वाल क्षेत्र की विभिन्न स्टोन क्रेशर यूनियनों के सदस्य भी शामिल होंगे।
यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि यह सम्मान निदेशक लेघा के समर्पण, निष्ठा और अथक परिश्रम का प्रतीक है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व और पारदर्शी प्रशासन के चलते ही उत्तराखंड को यह महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है।
पर्वतीय स्टोन क्रेशर यूनियन ने निदेशक राजपाल लेघा को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

