-देहरादून के खुड़बुड़ा बाजार में गला रेतकर युवती की हत्या
देहरादून: खुड़बुड़ा क्षेत्र में सोमवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने सरेआम चापड़ से हमला कर एक युवती की हत्या कर दी। मृतका की पहचान गुंजन उर्फ गुन्नु के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपित आकाश कुमार पिछले 3–4 दिनों से युवती का लगातार पीछा कर रहा था। इस संबंध में युवती ने 31 जनवरी को खुड़बुड़ा चौकी में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में उसने स्पष्ट किया था कि वह आकाश से किसी भी प्रकार की बातचीत नहीं करना चाहती, लेकिन वह उसे लगातार परेशान कर रहा है और जान से मारने की धमकी दे रहा है।
पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद आरोपित से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद उसे बुलाने के लिए चीता टीम भी भेजी गई, परंतु वह घर पर नहीं मिला।
सोमवार सुबह, जब बाजार पूरी तरह खुला हुआ था, आरोपित अचानक चापड़ लेकर युवती के घर पहुंच गया और उसे बाहर बुलाया। जैसे ही युवती बाहर आई, आरोपित ने उस पर चापड़ से हमला कर दिया। पहले वार में युवती ने हाथ आगे कर लिया, जिससे उसकी एक उंगली कट गई। इसके बाद आरोपित ने उसके गले पर दूसरा वार किया, जिससे गहरा घाव हो गया।
गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि युवक और युवती के बीच लगभग दो वर्ष पूर्व दोस्ती थी। बाद में परिजनों की डांट के बाद युवती ने उससे बातचीत बंद कर दी थी, लेकिन आरोपित लगातार संपर्क करने का प्रयास कर रहा था। युवती को आशंका थी कि आरोपित उसकी हत्या कर सकता है, जिसकी शिकायत उसने पहले ही पुलिस को दी थी।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपित की तलाश जारी है।

