HomeUncategorizedदेहरादून में दिनदहाड़े घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती व नौकरानी की हत्या

देहरादून में दिनदहाड़े घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती व नौकरानी की हत्या

लूट के विरोध पर पेचकस से हमला, विष्णु लोक कॉलोनी में ट्रिपल मर्डर से सनसनी
देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े घर में घुसे एक आरोपी ने लूट के विरोध पर बुजुर्ग दंपती और उनकी नौकरानी की पेचकस से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद भाग रहे आरोपी को पड़ोसियों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार कॉलोनी के मकान नंबर 16 में करीब दोपहर तीन बजे 85 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और करीब 45 वर्षीय नौकरानी शीला मौजूद थीं। आरोप है कि आरोपी ने रजनी कपूर के गले से चेन लूट ली। विरोध करने पर उसने पेचकस से रजनी पर कई वार कर दिए। चीख-पुकार सुनकर पहुंची नौकरानी शीला पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। इसके बाद रमेश कपूर को भी पेचकस से घायल कर दिया।

शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो आरोपी भागने लगा और पेचकस दिखाकर डराने का प्रयास किया। पड़ोसियों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस के पहुंचने में देरी होने पर स्थानीय लोग तीनों घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर रायपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। लूट के अलावा अन्य पहलुओं से भी जांच की जा रही है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments