Homeउत्तराखण्डकेदारनाथ यात्रा तैयारियों को लेकर देर रात सड़कों पर उतरे डीएम

केदारनाथ यात्रा तैयारियों को लेकर देर रात सड़कों पर उतरे डीएम


रुद्रप्रयाग। आगामी चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के नेतृत्व में शनिवार रात जनपदभर में व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।
डीएम ने स्वयं रुद्रप्रयाग से कुंड तक राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति और मरम्मत कार्यों का जायजा लिया। वहीं मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने नगर क्षेत्र से सुमेरपुर तक सफाई और शौचालय व्यवस्थाओं की जांच की। बस अड्डे के पास शौचालयों की खराब स्थिति और मोनो पान भंडार के समीप यूरिनल में पानी की कमी से दुर्गंध मिलने पर संबंधित विभागों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान नालियों में जमा प्लास्टिक कचरे पर नाराजगी जताते हुए नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा ने तिलवाड़ा व आसपास क्षेत्रों में निरीक्षण कर शराब की दुकानों में ओवररेटिंग पर रोक लगाने और रेस्टोरेंट्स में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग पर कार्रवाई की। कई स्थानों पर सिलेंडर जब्त किए गए।उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों और परिवहन विभाग ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, विद्युत, भीड़भाड़ वाले स्थानों और वाहनों की सघन जांच की। एआरटीओ कुलवंत चौहान की टीम ने 28 वाहनों की जांच कर 11 के चालान किए।
खाद्य एवं औषधि विभाग और पर्यटन विभाग ने होटल, रेस्टोरेंट और होमस्टे में लाइसेंस, गुणवत्ता और पंजीकरण की जांच की, जिसमें कई अनियमितताएं मिलने पर कार्रवाई की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए ऐसे औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे, ताकि उत्तराखंड की सकारात्मक छवि देश-विदेश तक पहुंचे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments