देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मेजर जनरल (सेनि) भुवन चंद्र खंडूड़ी का मंगलवार सुबह देहरादून स्थित मैक्स अस्पताल में निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। अस्पताल परिसर में सेना के अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
कुछ समय बाद उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए वसंत विहार स्थित उनके आवास ले जाया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे हैं।
उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूड़ी ने अपने पिता के निधन को राज्य और देश के लिए अपूर्णीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि भुवन चंद्र खंडूड़ी का पूरा जीवन राष्ट्र सेवा को समर्पित रहा। उन्होंने पहले भारतीय सेना में रहकर देश की रक्षा की और बाद में राजनीतिक जीवन में उत्तराखंड एवं देश की निष्ठापूर्वक सेवा की।
मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी अपनी सादगी, ईमानदार छवि और अनुशासित कार्यशैली के लिए हमेशा याद किए जाएंगे।
