दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में 21 नवंबर तक चलेगा महासंग्राम; भारत सात अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया और 10 अक्टूबर को पाकिस्तान से भिड़ेगा
नई दिल्ली । क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है। वर्ष 2027 का आईसीसी पुरुष वनडे क्रिकेट विश्व कप दो अक्टूबर 2027 से शुरू होगा। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से टूर्नामेंट की मेजबानी करेंगे। विश्व कप का फाइनल 21 नवंबर 2027 को जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा। कुल 14 टीमें 57 मुकाबलों में विश्व चैंपियन बनने के लिए जोर आजमाइश करेंगी।
विश्व कप का आगाज दो अक्टूबर को नामीबिया की राजधानी विंडहोक में तीन टीमों की सुपर सीरीज से होगा। क्वालीफायर में दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमें इस चरण में हिस्सा लेंगी। तीनों टीमें एक-दूसरे से एक-एक मैच खेलेंगी और शीर्ष पर रहने वाली टीम मुख्य ग्रुप चरण में जगह बनाएगी। इसके बाद सात अक्टूबर से 12 टीमों के बीच मुख्य ग्रुप चरण शुरू होगा।
भारत और ऑस्ट्रेलिया से होगी शुरुआत
भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला सात अक्टूबर को केपटाउन में मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला 10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग में होगा। भारत 14 अक्टूबर को अफगानिस्तान, 17 अक्टूबर को क्वालीफायर ए और 24 अक्टूबर को जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलेगा। जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबला विक्टोरिया फॉल्स के नए मैदान पर विश्व कप का पहला मैच होगा।
दो ग्रुप में बांटी जाएंगी टीमें
विश्व कप में 14 टीमें होंगी। मुख्य ग्रुप चरण में 12 टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा। ग्रुप ए में भारत, ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे और क्वालीफायर ए को रखा गया है, जबकि ग्रुप बी में न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, इंग्लैंड, बांग्लादेश और क्वालीफायर बी शामिल होंगे। अंतिम दो टीमों का निर्धारण क्वालीफाइंग प्रतियोगिता से होगा।
ग्रुप चरण में प्रत्येक टीम अपने ग्रुप की बाकी पांच टीमों से एक-एक मुकाबला खेलेगी। दोनों ग्रुप से शीर्ष तीन-तीन टीमें अगले सुपर-7 चरण में पहुंचेंगी। दोनों ग्रुप की चौथे स्थान वाली टीमों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम भी सुपर-7 में जगह बनाएगी। इस तरह सात टीमें सुपर-7 चरण में पहुंचेंगी।
17 और 18 नवंबर को सेमीफाइनल, 21 नवंबर को फाइनल
सुपर-7 चरण के बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। पहला सेमीफाइनल 17 नवंबर और दूसरा सेमीफाइनल 18 नवंबर 2027 को खेला जाएगा। दोनों सेमीफाइनल क्रमश: केपटाउन और सेंचुरियन में होंगे। विश्व कप का खिताबी मुकाबला 21 नवंबर को जोहान्सबर्ग में होगा।
12 मैदानों पर होंगे मुकाबले
विश्व कप के मुकाबले तीन देशों के 12 मैदानों पर खेले जाएंगे। दक्षिण अफ्रीका के आठ शहरों—जोहान्सबर्ग, सेंचुरियन, केपटाउन, डरबन, गकेबरहा, ब्लोमफोंटेन, पार्ल और कुगोम्पो सिटी—में मैच होंगे। जिम्बाब्वे के हरारे, बुलावायो और विक्टोरिया फॉल्स तथा नामीबिया के विंडहोक को भी मेजबानी का अवसर मिलेगा।
आईसीसी के अनुसार यह टूर्नामेंट 24 साल बाद फिर अफ्रीकी धरती पर लौट रहा है। टिकटों के लिए आईसीसी ने एक अक्टूबर 2026 से टिकट बैलेट के लिए पंजीकरण भी शुरू किया है।
