देहरादून, संवाददाता। समरवैली स्कूल में 11वीं की छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप को लेकर शुक्रवार को हंगामा हुआ। छात्रा की मां ने भौतिक विज्ञान के शिक्षक पर करीब डेढ़ माह से बेटी को परेशान करने और अनुचित ढंग से छूने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि 15 अक्टूबर को 15 छात्राओं के हस्ताक्षरयुक्त शिकायत प्रधानाचार्य को देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई।
मां के अनुसार, 14 अक्टूबर को स्कूल पहुंचने में देरी होने पर शिक्षक उनकी बेटी को धक्का देते हुए प्रधानाचार्य कक्ष तक ले गया। बेटी से पूरी बात जानने के बाद उन्होंने अगले दिन लिखित शिकायत दी। आरोप है कि शुरुआत में कार्रवाई का भरोसा दिया गया, लेकिन बाद में छात्रा को ही झूठा ठहराते हुए मामले को दबाने का प्रयास किया गया।
मां का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने छात्रा पर शिक्षक के व्यवहार को प्रदर्शित करने का दबाव बनाया और उसके पिता द्वारा छूने का उदाहरण दिया। साथ ही, छात्रा और उसके भाई की पढ़ाई प्रभावित होने तथा बीच सत्र में दूसरे स्कूल में दाखिला मिलने में परेशानी की बात कहकर उसे डराया गया। उन्होंने दावा किया कि शिक्षक का अन्य छात्राओं के प्रति व्यवहार भी अनुचित रहा है।
मां ने बताया कि मामले को लेकर शुक्रवार को स्कूल पहुंचने पर गेट बंद कर दिया गया और पुलिस बुला ली गई। उन्होंने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई और स्कूल प्रबंधन से सार्वजनिक माफी की मांग की है। उन्होंने कहा कि शनिवार को शिक्षा विभाग के अधिकारियों और जिलाधिकारी से मिलकर शिकायत करेंगी।
फिलहाल, मामले में स्कूल प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है!
