HomeUncategorizedरुद्रप्रयाग और ऋषिकेश में दो दर्दनाक सड़क हादसे, 12 लोगों की मौत,...

रुद्रप्रयाग और ऋषिकेश में दो दर्दनाक सड़क हादसे, 12 लोगों की मौत, 26 घायल


रुद्रप्रयाग/ऋषिकेश। उत्तराखंड में देर रात दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। रुद्रप्रयाग के अगस्त्यमुनि क्षेत्र में बोलेरो वाहन गहरी खाई में गिरने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। वहीं, ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर गूलर के समीप यात्रियों से भरी बस रेलिंग तोड़कर खाई में जा गिरी। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 यात्री घायल हुए हैं। दोनों दुर्घटनाओं में कुल 12 लोगों की जान चली गई और 26 लोग घायल हुए हैं।
बांसवाड़ा-मोहनखाल मार्ग पर बोलेरो खाई में गिरी, चार की मौत
रुद्रप्रयाग। बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर पोखरी क्षेत्र से रांसी की ओर जा रहा बोलेरो वाहन (UK 13 TA 1013) सोमवार देर रात भट्टवारी-कण्डारा के समीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में 10 लोग सवार बताए गए हैं। रात करीब 10 बजे डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दुर्घटना की सूचना मिली। इसके बाद अगस्त्यमुनि पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और 108 एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। सीओ रुद्रप्रयाग के नेतृत्व में रातभर रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
हादसे में ग्राम रांसी निवासी कुंवर सिंह (60), मदन सिंह (40), ग्राम देड़ा निवासी सूरत सिंह (42) और रांसी के दादा गैड़ बस्ती निवासी बलवीर सिंह (70) की मौत हो गई। वहीं, छह लोग घायल हुए हैं। इनमें दो घायलों को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि चार को प्राथमिक उपचार के बाद श्रीनगर हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
गूलर के पास बस रेलिंग तोड़कर खाई में गिरी, आठ की मौत
ऋषिकेश। हरिद्वार से जोशीमठ जा रही विश्वनाथ सेवा की बस बदरीनाथ हाईवे पर गूलर के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस रेलिंग तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरी। मुनिकीरेती के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान के अनुसार 32 सीटर बस में 30 यात्री सवार थे। हादसे में आठ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। मृतकों की पहचान की जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments