देहरादून। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर आगे बढ़ते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार नगर निगम भूमि खरीद प्रकरण में बड़ी कार्रवाई की है। मामले में तत्कालीन नगर आयुक्त वरुण चौधरी को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त करने की संस्तुति की गई है, जबकि तत्कालीन जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह के खिलाफ गंभीर लापरवाही मानते हुए दीर्घ शास्ति (मेजर पनिशमेंट) की संस्तुति की गई है।
दोनों अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के लिए कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) को प्रस्ताव भेजा जा रहा है। इसके अलावा, तत्कालीन एसडीएम अजयवीर सिंह के खिलाफ परनिंदा प्रविष्टि दर्ज करने और उनकी तीन वेतनवृद्धियां रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि हरिद्वार नगर निगम भूमि खरीद मामले में अनियमितताओं के संकेत मिलने पर मुख्यमंत्री ने तत्काल सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को निलंबित कर विशेष जांच और ऑडिट के आदेश दिए थे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि शासन-प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित सर्वोपरि हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनधन और पद के दुरुपयोग के मामलों में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
