रुद्रप्रयाग: जिला सूचना कार्यालय रुद्रप्रयाग में अपर जिला सूचना अधिकारी (एडीआईओ) के पद पर कार्यरत कृपाल लाल टम्टा को जिला सूचना अधिकारी (डीआईओ) के पद पर पदोन्नत किया गया है। उनकी पदोन्नति पर कार्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा जिला प्रेस क्लब ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
कृपाल लाल टम्टा 10 अप्रैल 2025 से जनपद रुद्रप्रयाग में अपर जिला सूचना अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। इस दौरान उन्होंने अपनी कार्यकुशलता, प्रशासनिक दक्षता और सरल स्वभाव से सभी का विश्वास अर्जित किया। रुद्रप्रयाग में तैनाती से पहले भी वे प्रभारी जिला सूचना अधिकारी के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।
सूचना विभाग में उनका सेवाकाल तीन दशक से अधिक का रहा है। उन्होंने वर्ष 1994 से टिहरी गढ़वाल, चमोली, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और पिथौरागढ़ सहित कई जनपदों में विभिन्न पदों पर सेवाएं दी हैं। इसके अलावा पौड़ी गढ़वाल, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, नई टिहरी और चमोली में प्रभारी जिला सूचना अधिकारी के दायित्वों का भी सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।
विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों का कहना है कि कृपाल लाल टम्टा अपने सौम्य व्यवहार, सकारात्मक सोच और सहयोगात्मक कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। उनकी पदोन्नति उनके लंबे अनुभव, उत्कृष्ट कार्यशैली और विभाग के प्रति समर्पण का सम्मान है। कर्मचारियों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में सूचना विभाग की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनेगी।
जिना प्रेस क्लब के अध्यक्ष बृजेश भट्ट, उपाध्यक्ष हरेंद्र नेगी, महामंत्री बद्री नोटियाल, कोषाध्यक्ष रविंद्र कप्रवाण, सचिव रोहित डिमरी, वरिष्ठ सदस्य कैलाश खंडूरी, श्यामलाल सुंदरियाल समेत सभी सदस्यों ने शुभकामनायें दी हैं
