मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया सम्मानित, प्रेस क्लब के लिए अतिथि गृह निर्माण का भरोसा
रुद्रप्रयाग। जिला प्रेस क्लब रुद्रप्रयाग द्वारा 20 वर्ष पूरे होने पर आयोजित ज्ञानदीप शिखर सम्मान समारोह में वरिष्ठ पत्रकार कैलाश खंडूडी को “ज्ञानदीप शिखर सम्मान” से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मानित किया! प्रेस क्लब ने श्रु खंडूरी को इक्कीस हजार की नगद राशि भी प्रदान की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पत्रकार राहत कोष की राशि 5 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये कर दी गई है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों सहित सभी स्तरों पर पत्रकारों के हित में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि रुद्रप्रयाग प्रेस क्लब के लिए अतिथि गृह निर्माण हेतु शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, जिससे दूर-दराज से आने वाले पत्रकारों को सुविधा मिल सके।
समारोह में जिले के लोक गायक सौरव मैठाणी एवं हेमानी करासी को भी सम्मानित किया गया। इसके साथ ही 20 वर्ष से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता कर रहे 32 पत्रकारों को भी प्रेस क्लब द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कला एवं संस्कृति क्षेत्र में योगदान देने वाले कई कलाकारों को भी सम्मानित किया गया। लोक गायक सौरभ मैठाणी, हेमा नेगी करासी को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया! रंगकर्मी राज राकेश भट्ट, भाषा क्षेत्र में कलश संस्था के संस्थापक ओमप्रकाश सेमवाल तथा कवि जगदंबा चमोली सहित अन्य प्रतिभाएं शामिल रहीं।
इस अवसर पर प्रेस क्लब के महामंत्री बद्री नौटियाल ने मुख्यमंत्री को विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें प्रेस क्लब के लिए अतिथि गृह निर्माण, तहसील स्तर पर पत्रकारों को मान्यता देने सहित अन्य महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भारत सिंह चौधरी ने प्रेस क्लब के 20 वर्ष पूर्ण होने पर सभी सदस्यों को बधाई दी। वहीं केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने भी प्रेस क्लब की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेस क्लब अध्यक्ष बृजेश भट्ट ने की। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, भाजपा जिला अध्यक्ष महावीर पवार, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष किशोरी नंदन डोभाल, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

