HomeUncategorized25 निहंगों के आगे बेबस दिखी उत्तराखंड पुलिस, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे...

25 निहंगों के आगे बेबस दिखी उत्तराखंड पुलिस, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

देहरादून। हिमाचल प्रदेश की सीमा से गुरुवार देर रात करीब 25 निहंग उत्तराखंड में प्रवेश कर गए। इस दौरान पुलिस ने सीमा पर नाकाबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन निहंगों ने बैरियर हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश की। इस घटनाक्रम ने उत्तराखंड की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि नगरासू गुरुद्वारा प्रकरण के बाद निहंगों की ओर से उत्तराखंड आने की चेतावनी सामने आई थी। इसके मद्देनजर पुलिस ने हिमाचल सीमा पर सुरक्षा बढ़ाई थी, लेकिन इसके बावजूद करीब 25 निहंग पुलिस की नाकेबंदी को चुनौती देते हुए उत्तराखंड सीमा में प्रवेश कर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस दौरान बैरियर हटाने और धक्का-मुक्की जैसी स्थिति भी बनी।
रातभर चले घटनाक्रम के बाद प्रशासन ने निहंगों के प्रतिनिधियों से वार्ता की। वार्ता के उपरांत देहरादून के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दावा किया कि बातचीत सफल रही और सभी निहंगों को वापस हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब भेज दिया गया। प्रशासन ने यह भी कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कानून-व्यवस्था प्रभावित नहीं होने दी गई।
हालांकि, इस पूरे प्रकरण ने यह सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि यदि केवल 25 लोगों का समूह पुलिस की नाकेबंदी को चुनौती देकर राज्य की सीमा में प्रवेश कर सकता है, तो किसी बड़े संकट की स्थिति में सुरक्षा व्यवस्था कितनी प्रभावी साबित होगी। अब इस घटना को लेकर पुलिस की रणनीति और सीमा सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा तेज हो गई है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments